*गन्ना कोल्हुओं पर छापेमारी और ऊर्जा निगम की कार्रवाई के खिलाफ भाकियू टिकैत ने खोला मोर्चा,नारसन में जनसभा, गौरव टिकैत ने दी आंदोलन की चेतावनी*

नारसन। गन्ना कोल्हुओं पर अधिकारियों द्वारा की जा रही छापेमारी तथा ऊर्जा निगम द्वारा लगाए जा रहे भारी-भरकम जुर्मानों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को नारसन क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाकियू टिकैत के युवा प्रदेश अध्यक्ष गौरव टिकैत ने प्रशासन और संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी दी।
गौरव टिकैत ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार किसानों और लघु उद्योगों की आय दोगुनी करने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर गन्ना कोल्हू संचालकों को चीनी मिल प्रबंधन की तानाशाही और अधिकारियों की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गन्ना कोल्हुओं पर बेवजह छापेमारी कर मनमाने ढंग से जुर्माने लगाए जा रहे हैं, जिससे छोटे किसान और कारीगर बुरी तरह परेशान हैं।


उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों ने गन्ना कोल्हू संचालकों पर इसी तरह मनमाने और गलत जुर्माने लगाना जारी रखा, तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
इसके साथ ही गौरव टिकैत ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और बिजली चोरी के नाम पर भारी-भरकम जुर्माने लगाकर उनका शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य आज़ाद ने कहा कि गन्ना कोल्हू संचालकों और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) मैदान में उतर चुकी है और उन्हें संगठन का पूरा समर्थन है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम की तानाशाही और बढ़ते बिजली बिलों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जिसके चलते अब किसान चुप नहीं बैठेंगे।
इस जनसभा में क्षेत्र के सैकड़ों किसान मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम का संचालन भाकियू नेता रवि कुमार ने किया। कार्यक्रम में रामपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह राठी, हरेंद्र सिंह बालियान, पवन सिंह, अरविन्द राठी, गुड्डु, सतेंद्र प्रधान, आदित्तय, बालेन्द्र, जल सिंह, अनुज राणा, सुनील, विक्की, भगत प्रधान,अशोक, देवेंद्र सिंह, राजीव राणा, राजेंद्र, पपन राठी, राजू, ऋषिपाल आदि मौजूद रहे।
ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »