ईश्वर चंद्र संवाददाता सहारा टीवी
मदरहुड यूनिवर्सिटी, रुड़की के फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड बिज़नेस स्टडीज़ द्वारा 09 फरवरी 2026 को “इंडस्ट्री 5.0 के युग में HRM 1.0 से 5.0 तक का विकास” विषय पर एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानव संसाधन प्रबंधन के बदलते स्वरूप तथा उद्योगों में प्रौद्योगिकी की बढ़ती भूमिका से अवगत कराना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदरहुड विश्वविद्यालय रुड़की के कुलपति प्रो० डॉ० नरेंद्र शर्मा ने कहा कि, “वर्तमान युग प्रौद्योगिकी का युग है, इसलिए विद्यार्थियों को उद्योगों में प्रयुक्त नवीन तकनीकों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को उद्योग से जोड़ने का कार्य करते हैं और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं।”
इस अवसर पर प्रो०पी०के० अग्रवाल, डीन, फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड बिज़नेस स्टडीज़ ने कहा कि HRM 5.0 पूर्णतः प्रौद्योगिकी आधारित है, अतः विद्यार्थियों को उद्योगों में उपयोग की जा रही तकनीकों को समझना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विभाग का निरंतर प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को नवीन तकनीक से जोड़ा जाए, इसी उद्देश्य से विभाग द्वारा अतिथि व्याख्यान एवं औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया जाता है, जिससे छात्र उद्योग-उन्मुख ज्ञान अर्जित कर सकें।
कार्यक्रम के रिसोर्स पर्सन श्री मयंक चौहान, गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी ने HRM 1.0 से 5.0 तक के विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय के साथ HRM में किस प्रकार परिवर्तन हुए हैं और वर्तमान में संपूर्ण उद्योग, केवल HR विभाग ही नहीं, बल्कि पूरा सिस्टम तकनीक-आधारित होता जा रहा है। उन्होंने उद्योग में आने वाली विभिन्न समस्याओं तथा उन्हें HR के दृष्टिकोण से कैसे सुलझाया जा सकता है, इस पर भी चर्चा की। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किस प्रकार तकनीक HRM के कार्यों को सरल, प्रभावी और रणनीतिक बनाती है।
व्याख्यान के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उद्योग से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका रिसोर्स पर्सन द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।
इस अतिथि व्याख्यान में प्रो. नीता माहेश्वरी, डॉ. एस. ए. भारद्वाज, डॉ. ब्रज किशोर भारती, सुश्री मधु, श्री सचिन कुमार, सुश्री साक्षी कर्ण, श्रीमती वर्णिका त्यागी, सुश्री कोमल शर्मा, श्री सुभाष, सुश्री आकांक्षा एवं सुश्री वंशिका सहित अनेक संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
