*विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन*
कुशीनगर। दिनांक 31 मई 2026 को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर सर्वश्रेष्ठ मानव सेवा संस्था द्वारा संचालित युवा शक्ति नशा मुक्ति केन्द्र, मल्लूडीह, कसया, जनपद कुशीनगर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्ति केन्द्र के सेंटर इंचार्ज मोतीलाल यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में तम्बाकू का सेवन युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रहा है, जो उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने बताया कि तम्बाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, उच्च रक्तचाप तथा अनेक जानलेवा रोग होने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने सभी युवाओं से तम्बाकू एवं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को तम्बाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि नशा व्यक्ति के परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में बाधा उत्पन्न करता है। उपस्थित लोगों को नशा छोड़ने के विभिन्न उपायों एवं नशा मुक्ति केन्द्र द्वारा उपलब्ध कराई जा रही परामर्श एवं उपचार सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में रैली एवं जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों को तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं ग्रामीणों ने तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर सिंटू यादव, विवेक, विकास प्रजापति सहित अनेक युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सर्वश्रेष्ठ मानव सेवा संस्था एवं युवा शक्ति नशा मुक्ति केन्द्र की ओर से यह संकल्प लिया गया कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी लगातार जागरूकता अभियान, परामर्श कार्यक्रम एवं जनसंपर्क गतिविधियाँ संचालित होती रहेंगी, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सके।
“नशा छोड़ें, स्वास्थ्य अपनाएँ – तम्बाकू मुक्त भारत बनाएँ।”
ईश्वर चंद्र संवाददाता सहारा टीवी उत्तराखंड धर्मेंद्र कुमार वरिष्ठ संपादक
