रुड़की क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन हेतु
विशेष अभियान, सत्यापन प्रक्रिया एवं प्रवर्तन कार्रवाई प्रारंभ

जनहित एवं रुड़की क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु
संयुक्त मजिस्ट्रेट महोदय, रुड़की की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों एवं जनपद स्तरीय
सशक्त समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के क्रम में आज परिवहन विभाग, पुलिस विभाग,
ट्रैफिक पुलिस एवं इंटरसेप्टर दल द्वारा संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बिना फिटनेस, बिना बीमा, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य
अनियमितताओं में संचालित अनेक ई-रिक्शाओं के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए
वाहनों को बंद / सीज किया गया तथा कई वाहनों को लाइन में खड़ा कराया गया।
अभियान के अंतर्गत वाहनों के दस्तावेजों की जांच भी की गई।

रुड़की क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन को विनियमित किए जाने हेतु अब प्रत्येक
ई-रिक्शा स्वामी एवं चालक के लिए पुलिस सत्यापन तथा एआरटीओ सत्यापन
अनिवार्य किया गया है।

इसके अंतर्गत स्थानीय ई-रिक्शा स्वामी एवं चालक अपने संबंधित थाने से
पुलिस सत्यापन कराएंगे, जबकि बाहरी राज्यों अथवा अन्य जनपदों से संचालित
ई-रिक्शा स्वामी / चालक अपने संबंधित थाने से ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन
सत्यापन कराकर प्रस्तुत करेंगे।

पुलिस सत्यापन उपरांत एआरटीओ कार्यालय रुड़की में स्थापित “ई-रिक्शा सेल”
द्वारा वाहन, वाहन स्वामी एवं चालक के अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा।
सत्यापन पूर्ण होने के उपरांत संबंधित ई-रिक्शा हेतु निर्धारित मार्ग (Route)
आवंटित किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार रंग-कोड / क्यूआर कोड जारी किया जाएगा।

निर्धारित मार्ग के अतिरिक्त ई-रिक्शा संचालन प्रतिबंधित रहेगा तथा बिना
सत्यापन अथवा बिना अनुमति संचालित पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान,
सीजिंग एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा सभी ई-रिक्शा चालकों एवं स्वामियों
को निर्धारित संचालन प्रक्रिया संबंधी सूचना पत्रक तथा पुलिस सत्यापन प्रपत्र भी
वितरित किए गए, जिससे उन्हें सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण करने में सुविधा हो सके।

परिवहन विभाग द्वारा समस्त ई-रिक्शा स्वामियों एवं चालकों से अपील की गई है
कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से पुलिस सत्यापन एवं एआरटीओ सत्यापन
पूर्ण कराते हुए ही ई-रिक्शा संचालन करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

(कृष्ण चंद्र पलड़िया)
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन)
रुड़की

ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »