ईश्वर चंद
संवाददाता सहारा टीवी
दिनांक 18 फरवरी 2026, बुधवार को माॅन्टफोर्ट स्कूल रुड़की के प्राथमिक विभाग में एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी को विद्यालय में आमंत्रित किया गया, जहाँ उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों, प्रेरक प्रसंगों तथा नैतिक कहानियों के माध्यम से बच्चों को संस्कारों एवं जीवन मूल्यों की अमूल्य शिक्षा दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अच्छी आदतों, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, बड़ों के प्रति सम्मान, ईमानदारी तथा सकारात्मक सोच का विकास करना था। वरिष्ठ जनों ने अपने बचपन के संस्मरण, संघर्ष की कहानियाँ और जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्र बड़े ही सरल, रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से बच्चों के साथ साझा किए। बच्चों ने पूरे उत्साह, जिज्ञासा और ध्यान के साथ कहानियाँ सुनीं तथा उनसे प्रेरणा ग्रहण की। विद्यालय परिसर में आत्मीयता, अपनत्व और पारिवारिक वातावरण का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम के कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में इस अनूठी पहल का सफल आयोजन किया गया। उनके सतत प्रयासों से विद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ मूल्य आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया जाता है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “दादा-दादी और नाना-नानी के अनुभव बच्चों के लिए जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही सुदृढ़ चरित्र एवं उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।”
अभिभावकों ने विद्यालय की इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जब संयुक्त परिवारों की परंपरा कम होती जा रही है, ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य महोदय एवं विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया l
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी वरिष्ठ अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया। यह आयोजन विद्यालय, अभिभावकों एवं समाज के मध्य सुदृढ़ संबंध स्थापित करने की दिशा में एक सराहनीय एवं सफल कदम सिद्ध हुआ।
ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम
प्रधानाचार्य
मॉन्टफोर्ड स्कूल बेल्डा रुड़की
हरिद्वार
