मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सहयोग से सोशल फाउंडेशन ने किया ‘योगाभ्यास’ 600 से ज़्यादा विद्यार्थियों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने की शिरकत
मेरठ, 8 मई। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय भारत सरकार, दिल्ली के सहयोग से दिल्ली की अग्रणी सामाजिक संस्था ‘सोशल फाउंडेशन’ द्वारा शुक्रवार को ऐतिहासिक क्रांतिधरा मेरठ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत ‘योगाभ्यास’ का भव्य आयोजन किया गया।

मेरठ के शताब्दीनगर में स्थित राधे श्याम मोरारका सरस्वती विद्या मंदिर, माधव कुंज के प्रागंण में आयोजित इस कार्यक्रम में 600 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों समेत जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, उ.प्र. सरकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय राजेन्द्र सिंह, राज्य सूचना आयुक्त, उत्तर प्रदेश सूचना आयोग, लखनऊ शामिल हुए। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश महाजन, कोषाध्यक्ष, राधे श्याम मोरारका सरस्वती विद्या मंदिर ने की।
योगाभ्यास के इस कार्यक्रम में राधे श्याम मोरारका सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा योग से संबंधित नाट्य प्रस्तूति की गई। जिसे वहां मौजूद अतिथियों और लोगों ने खूब सराहा। इसके बाद योग विशेषज्ञ और शिक्षिका पिंकी ने मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उपस्थित सभी विद्यार्थियों और लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान पूरे प्रागंण में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
सोशल फाउंडेशन के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर (ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग) ने भी योगाभ्यास किया। इस दौरान डॉ. तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने आगे बोलते विद्यार्थियों से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सूचना आयोग, लखनऊ के राज्य सूचना आयुक्त राजेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि इतिहास में बेटियों के साथ बहुत अन्याय हुआ है लेकिन अब समय बदल गया है, बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, और जिस देश की बेटी सशक्त होगी उस देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता, भविष्य में बेटियां समाज में बदलाव की बड़ी वाहक होंगी।
इस मौके पर सोशल फाउंडेशन की तरफ से धर्मेन्द्र कुमार, नवीन कुमार, ज्योति रानी, सुनील कुमार, मनीष सागर, दिलीप राय, अजय सागर, अमरीश चपराना, डॉ. जोधा सिंह, लोकेश कुमार, रविंदर कुमार और सुजाता ने योगाभ्यास कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत और योग से संबंधित चित्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
सोशल फाउंडेशन की तरफ से कार्यक्रम के समापन के बाद सभी योग अभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले अतिथियों, विद्यालय के सभी शिक्षकों समेत पूरे स्टाफ और विद्यार्थियों को जलपान की व्यवस्था की गई थी।
ईश्वर चंद्र संवाददाता सहारा टीवी
