*पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, रुड़की में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।*
पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, रुड़की में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साह, गरिमा एवं वैज्ञानिक चेतना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में प्रातः सभा मंच पर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के माननीय प्रधानाचार्य श्री चन्द्र शेखर बिष्ट जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक श्री सुधांशु वर्मा, टीजीटी (विज्ञान) थे, जिन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, प्रयोगधर्मिता तथा नवाचार की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक तार्किक पद्धति है जो अंधविश्वास को समाप्त कर प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात नोबेल पुरस्कार विजेता महान वैज्ञानिक श्री सी वी रमन के चित्र पर मुख्य अतिथि एवं उपस्थित शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर पीजीटी (जीवविज्ञान) श्री अरविंद गुप्ता जी ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में विज्ञान की भूमिका समझने तथा अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रश्न पूछना ही वैज्ञानिक बनने की पहली सीढ़ी है।
प्रधानाचार्य श्री सी. एस. बिष्ट जी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीन आविष्कार करने तथा “सीखो और करके दिखाओ” की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच ही विकसित भारत की आधारशिला है।
इस पावन अवसर पर विद्यालय के अधिकांश शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने वैज्ञानिक चेतना, नवाचार और राष्ट्रहित में विज्ञान के सदुपयोग का संकल्प लिया।
ईश्वर चंद्र संवाददाता सहारा टीवी
