मदरहुड विश्वविद्यालय, रुड़की में वार्षिक खेल महोत्सव ‘प्रतिस्पर्धा-2026’ का भव्य समापन
मदरहुड विश्वविद्यालय, रुड़की में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव “प्रतिस्पर्धा-2026” का शनिवार को भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउंड में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने की। समारोह के विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड पुलिस के इंस्पेक्टर एवं ओलंपियन मनीष रावत तथा विशिष्ट अतिथि आदित्य कुमार खटाना (हेड कोच, एथलेटिक्स, उत्तराखंड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड) रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि मदरहुड विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य केवल अकादमिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से भी सशक्त बनें। प्रो. शर्मा बताया कि कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और सहनशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, परंतु सच्ची जीत प्रयास और भागीदारी में निहित होती है। अंत में प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विश्वविद्यालय की सशक्त खेल परंपरा को आगे बढ़ाते हैं और विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
विशिष्ट अतिथि ओलंपियन मनीष रावत ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त प्रक्रिया है। उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास से ही प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेना चाहिए। खेल हमें सिखाते हैं कि गिरकर भी कैसे दोबारा खड़ा हुआ जाए। जो विद्यार्थी आज मैदान में पसीना बहाते हैं, वही भविष्य में देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालयों को खेल संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए, क्योंकि यही वह मंच है जहाँ से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होते हैं। उन्होंने मदरहुड विश्वविद्यालय द्वारा खेलों को दिए जा रहे महत्व की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
विशिष्ट अतिथि आदित्य कुमार खटाना, हेड कोच (एथलेटिक्स), ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह मानसिक संतुलन, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के सामने अनेक चुनौतियाँ हैं, लेकिन खेल उन्हें तनावमुक्त रहने और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम प्रदान करते हैं। जो विद्यार्थी खेलों में सक्रिय रहते हैं, वे जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा-2026 में विद्यार्थियों की ऊर्जा और खेल भावना अत्यंत प्रेरणादायक रही।
कृषि संकाय के पुरुष वर्ग में अनुराग ने कैरम एवं मो० आफरीन ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक और रिले रेस में विजय प्राप्त किया, कला एवं मानविकी संकाय महिला वर्ग के रिले रेस में विजय प्राप्त किया साथ ही महिला वर्ग के लॉन्ग जंप एवं 200 मीटर दौड़ की व्यक्तिगत स्पर्धा में तनु ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया । वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन संकाय ने पुरुष वर्ग के बैडमिंटन एकल, खो-खो एवं महिला वर्ग के चेस में विजय प्राप्त किया । सूचना प्रौद्योगिकी संकाय की प्रगति शॉट पुट में विजयी रही वही वंश ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया । शिक्षा संकाय ने रस्साकशी महिला वर्ग में विजय प्राप्त किया तथा अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय ने कबड्डी (पुरुष वर्ग ) में विजय प्राप्त किया। विधि संकाय ने महिला वर्ग में खो-खो तथा पुरुष वर्ग में रस्साकशी एवं बैडमिंटन (डबल) में विजय प्राप्त किया साथ ही विधि संकाय के आर्यन ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। नर्सिंग संकाय ने महिला वर्ग के बैडमिंटन (एकल और डबल) तथा कैरम में विजय प्राप्त किया वही औषधि विज्ञान संकाय ने पुरुष वर्ग के चेस में विजय प्राप्त किया। विज्ञान संकाय ने वॉलीबॉल विजय प्राप्त किया एवं लॉन्ग जंप (पुरुष वर्ग) में वंश कुमार ने स्वर्ण प्राप्त किया। सभी संकायों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीम वर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी विजेताओं को मदरहुड विश्वविद्यालय, रुड़की के कुलपति प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा ने एवं विशिष्ट अतिथियों ने पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो० कृष्णपाल ने संस्थान की खेल उपलब्धियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा इस प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों का पूर्ण विवरण प्रस्तुत किया । कार्यक्रम का संचालन डॉ० लता आर्या के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, समस्त संकायों के अधिष्ठातागण, विभागों के विभागाद्यक्ष, शिक्षकगण, गैर- शैक्षणिक स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विश्वविद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »