सोशल फाउंडेशन की नेक पहल, मध्यप्रदेश के श्योपुर में ‘चलो गांव : सर्वांगीण विकास मिशन’ के अंतर्गत ‘अपनी पाठशाला’ का शुभारंभ

2 मार्च, 2026, श्योपुर (मध्यप्रदेश)। दिल्ली की अग्रणी सामाजिक संस्था ‘सोशल फाउंडेशन’ के सामाजिक कार्यों का कारवां मध्यप्रदेश के श्योपुर तक पहुंच गया है। यहां बड़ौदा तहसील क्षेत्र के बंदड़ी गांव में सोशल फाउंडेशन ने अपने पहले प्रोजेक्ट ‘चलो गांव : सर्वांगीण विकास मिशन’ के अंतर्गत ‘अपनी पाठशाला’ की शुरुआत की है।

सोशल फाउंडेशन ने अपने उद्देश्यों और सर्वांगीण विकास के संकल्प को पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 1 मार्च को श्योपुर के बंदड़ी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार और महासचिव नवीन कुमार ने ग्राम पंचायत हलगावाड़ा खुर्द के सरपंच मुकेश कुमार आंकोदिया, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार आंकोदिया, हरिओम आंकोदिया, शिक्षकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में ‘चलो गांव : सर्वांगीण विकास मिशन’ के अंतर्गत कक्षा 1 से 10वीं तक छात्र-छात्राओं के लिए कोचिंग सेंटर ‘अपनी पाठशाला’ का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में सोशल फाउंडेशन ने गरीब परिवारों के 100 बच्चों को स्कूल बैग का वितरण भी किया।

सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में संस्था का पहला पोजेक्ट ‘चलो गांव : सर्वांगीण विकास मिशन’ शुरू करते हुए अपार हर्ष का अनुभव हो रहा है। धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में कोचिंग सेंटर ‘अपनी पाठशाला’ की शुरुआत की जा रही है। जिसमें योग्य शिक्षकों द्वारा गरीब बच्चों को निशुल्क पढ़ाया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि शिक्षा के अलावा प्रोजेक्ट के तहत बंदड़ी गांव के विकास, सामुदायिक विकास, महिलाओं और मजदूरों के साथ-साथ स्वास्थ्य, योग, खेल, कृषि, जल संरक्षण, पर्यावरण, स्वच्छता, नशा मुक्ति अभियान समेत अन्य क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों को अंजाम दिया जाएगा।

धर्मेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन कहा कि कहा कि यदि हमें गांवों के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाना है तो शिक्षा को प्राथमिकता देनी होगी। शिक्षा ही वह आधार है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास, ज्ञान और आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली बच्चे संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं, इसलिए समाज का दायित्व है कि वह ऐसे बच्चों को सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करें।

सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने ये भी कहा कि आज जब देश डिजिटल क्रांति की ओर तेजी से बढ़ रहा है, तब यह आवश्यक हो गया है कि ग्रामीण बच्चों को भी शिक्षा के साथ डिजिटल ज्ञान और तकनीकी जानकारी से जोड़ा जाए। इससे न केवल उनकी पढ़ाई में सुधार होगा बल्कि वे आधुनिक युग की चुनौतियों का भी सामना कर सकेंगे। वास्तव में, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल जागरूकता के समन्वय से ही ग्रामीण भारत का समग्र विकास संभव है।

इस मौके पर सोशल फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है। उन्हें समय पर टीके लगवाना और पौष्टिक खाना खिलाना जरूरी है, ताकि वो कुपोषण का शिकार होने से बच सकें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

सोशल फाउंडेशन के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम पंचायत हलगावाड़ा खुर्द के सरपंच मुकेश कुमार आंकोदिया ने अपने संबोधन में बच्चों और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शिक्षा, छात्रवृत्ति, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ ग्रामीण बच्चों को अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि गांव के बच्चे इन योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाएं तो वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन कर सकते हैं। सोशल फाउंडेशन जैसी पहलें समाज को यह संदेश देती हैं कि यदि सामूहिक प्रयास किए जाएं तो गांवों के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है और एक सशक्त, शिक्षित एवं जागरूक भारत की नींव रखी जा सकती है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार आंकोदिया ने अति गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे कई बच्चे हैं जिनके पास पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध नहीं होते। यदि समाज और सामाजिक संगठन मिलकर ऐसे बच्चों की मदद करें तो उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि पढ़ा-लिखा समाज ही एक मजबूत और जागरूक राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।

श्योपुर में प्रोजेक्ट के संयोजक हरिओम आंकोदिया ने भी अपने संबोधन में कहा कि वो पूरी जिम्मेदारी से अपनी टीम के साथ गांव और समाज के विकास के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही पूरी रूपरेखा बनाकर जमीनी स्तर पर सामाजिक कार्य शुरू किए जाएंगे।

इस कार्यक्रम में सोशल फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, महसचिव नवीन कुमार, ग्राम पंचायत हलगावाड़ा खुर्द के सरपंच मुकेश कुमार आंकोदिया, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार आंकोदिया, जगन्नाथ, राम सिंह, बद्रीलाल, रामकिश, जगदीश, नाथूलाल, बाबूलाल, रामकरण, जीवराम, महावीर, सुरेश कुमार, हमेराज, दुर्गाशंकर, शिवराज और शिक्षक हरिओम, तरुण, पेलवान, किशन मौजूद रहे।

ईश्वर चंद्र संवाददाता ब्यूरो संवाददाता सहारा टीवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »