मुंबई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) इंडिया कार्यालय में 20 मार्च 2026 को आयोजित ‘देसी धाकड़ सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड 2026’ समारोह में राजस्थान में करौली के प्योर इंडिया ट्रस्ट को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार संगठन के ‘सामाजिक उद्यम इनक्यूबेशन, उद्यमिता प्रशिक्षण तथा माइक्रो-एंटरप्राइज के माध्यम से वित्तीय आत्मनिर्भरता’ को बढ़ावा देने के उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया।

प्योर इंडिया ट्रस्ट अब तक 7,000 महिलाओं को उद्यमी बना चुका है और वर्ष 2030 तक 25,000 महिलाओं को उद्यमी बनाने के लक्ष्य पर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर ट्रस्ट की संस्थापक श्रीमती मेधा नरुका को उनके नेतृत्व और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार विशेष रूप से उन महिला-नेतृत्व वाले संगठनों को मान्यता देता है, जो नवाचार और समावेशी विकास के माध्यम से देशभर में प्रभावशाली और स्थायी परिवर्तन ला रहे हैं तथा ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

प्योर इंडिया ट्रस्ट की यह उपलब्धि उसकी समर्पित टीम, सहयोगी संस्थाओं और लाभार्थी समुदायों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। संगठन देशभर में आजीविका के सतत अवसरों के माध्यम से लोगों को सशक्त बनाने के अपने मिशन पर निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह में देश की अन्य कई प्रतिष्ठित संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता डायना एडुलजी, जो भारत की पहली महिला क्रिकेट कप्तान रही हैं, सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
प्योर इंडिया ट्रस्ट के संस्थापक प्रशांत पाल ने बताया कि यह पुरस्कार ट्रस्ट के सोशल स्टॉक एक्सचेंज में शामिल होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ट्रस्ट देश की चुनिंदा 25 संस्थाओं में शामिल होने जा रहा है, जो करौली के लिए गर्व की बात है।

ईश्वर चंद ब्यूरो चीफ उत्तराखंड सहारा टीवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »