उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, रुड़की
आज दिनांक 06 मई 2026 को माननीय परिवहन मंत्री Pradeep Batra के सख्त निर्देशों के क्रम में एआरटीओ कार्यालय रुड़की के आसपास संचालित अनधिकृत गतिविधियों एवं अनधिकृत व्यक्तियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। माननीय मंत्री महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परिवहन विभाग के समस्त कार्यालयों में आमजन के कार्य सरल, पारदर्शी एवं बिना किसी अनधिकृत हस्तक्षेप के संपादित किए जाएँ।
इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर एआरटीओ कार्यालय रुड़की के बाहर संचालित कुछ संदिग्ध सीएससी सेंटरों एवं अनधिकृत रूप से परिवहन संबंधी कार्य करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आज सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक दुकान पर छापा मारकर संबंधित व्यक्ति के दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर एवं अन्य उपकरणों को जांच हेतु सील किया गया।
कार्यवाही के दौरान आसपास संचालित अन्य कई संदिग्ध दुकानदारों एवं व्यक्तियों में हड़कंप मच गया तथा अनेक लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर मौके से भागने का प्रयास किया। अभियान लगभग 30 से 40 मिनट तक लगातार चला, जिसके दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ एकत्रित हो गई तथा मीडिया एवं प्रेस के प्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त एआरटीओ कार्यालय के समीप संचालित एक सेकेंड हैंड कार डीलर की दुकान पर भी जांच की गई, जहाँ आवश्यक सत्यापन एवं निर्धारित शुल्क जमा न पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
सभी संबंधित व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति परिवहन विभाग से संबंधित कार्यों में अवैध हस्तक्षेप अथवा अनधिकृत गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर एवं सख्ततम वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उक्त अभियान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्री जितेन्द्र चंद के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसमें एआरटीओ प्रवर्तन एवं उनकी टीम, परिवहन कर अधिकारी नारसन एवं उनकी टीम सहित कार्यालय के कार्मिकों, सहायक कर्मचारियों एवं लिपिकीय स्टाफ द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई।
ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी
