“क्लैश ऑफ क्रिएटिविटी 2026″ : मॉन्टफोर्ट स्कूल, रूड़की में नन्हीं प्रतिभाओं ने सृजनात्मकता और आत्मविश्वास का किया अद्भुत प्रदर्शन
मॉन्टफोर्ट स्कूल, रूड़की में आज दिनांक २८/०७/२०२६ को कक्षा एक से पाँच तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित “क्लैश ऑफ क्रिएटिविटी 2026″ प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता का एक यादगार उत्सव बन गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, सृजनात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना था।
प्रतियोगिता के अंतर्गत नृत्य, मॉडलिंग, संगीत, रचनात्मक लेखन तथा कला एवं शिल्प जैसी विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। आकर्षक वेशभूषा, मनमोहक प्रस्तुतियाँ, सुंदर कलाकृतियाँ और विद्यार्थियों की मौलिक सोच ने उपस्थित सभी दर्शकों एवं निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय का वातावरण पूरे दिन ऊर्जा, उल्लास और सृजनात्मकता से सराबोर रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि “हर बच्चा अपने भीतर एक अनूठी प्रतिभा लेकर जन्म लेता है। विद्यालय का दायित्व केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की उस प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच और प्रोत्साहन प्रदान करना भी है। ‘क्लैश ऑफ क्रिएटिविटी’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सृजनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं।”
उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए उप-प्रधानाचार्य ब्रदर आनंद,हेडमिस्ट्रेस सिस्टर जोसेफीन, निर्णायक मंडल, अभिभावकों तथा आयोजन समिति के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और अथक परिश्रम से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी बना।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का उत्सव सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार ने यह संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु ऐसे नवाचारपूर्ण एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
“जहाँ प्रतिभा कल्पना से मिलती है, वहीं सृजनात्मकता अपनी सबसे सुंदर अभिव्यक्ति पाती है।”
ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी रुड़की उत्तराखंड
