रुड़की, 3 अगस्त। सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए रोटरैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना, रुड़की ने अपने वार्षिक अभियान “कांवड़ सेवा 4.0” का आयोजन किया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस सेवा अभियान के तहत क्लब के सदस्यों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों को केले और शुद्ध पेयजल वितरित कर सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश दिया।
सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे थे। तेज धूप और लंबी यात्रा के बीच कांवड़ियों को राहत और ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से लगाए गए सेवा शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को फल और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। स्वयंसेवकों ने पूरे अनुशासन और समर्पण के साथ सेवा कार्य करते हुए यात्रियों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा।
सेवा प्राप्त करने वाले कांवड़ियों ने क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर यात्रा के दौरान नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और समाज में सेवा की भावना को मजबूत बनाते हैं। स्थानीय लोगों ने भी क्लब की इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए युवाओं के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताया।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि रोटरैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना पिछले चार वर्षों से लगातार कांवड़ सेवा अभियान चला रहा है। इसके अलावा क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “Service Above Self” (स्वयं से पहले सेवा) प्रत्येक सदस्य को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर रोटरैक्टर दीपाली गुप्ता, अनूप, गर्गी, अभिषेक, हृतिक, रॉकी, योगेश, विकास, वैभव सहित अन्य स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में भाग लिया और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया।
ईश्वर चंद्र संवाददाता सहारा टीवी रुड़की उत्तराखंड
