चरक जयंती पर मदरहुड आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज ने रचा गौरवपूर्ण इतिहास

रुड़की, 17 अगस्त 2026। आचार्य चरक की जयंती के पावन अवसर पर मदरहुड आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, रुड़की में आयुर्वेद की समृद्ध साहित्यिक एवं वैज्ञानिक विरासत को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मदरहुड आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, रुड़की द्वारा किया गया तथा सिटी ब्लड बैंक, रुड़की द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हवन एवं धन्वंतरि वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं राजपत्रित अधिकारी डॉ. नवीन दास, चिकित्सा अधिकारी, सालियर तथा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के निर्णायक श्री गिरीश रावत का औपचारिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) नरेंद्र शर्मा, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पीयूष कपिल, उप-प्राचार्य प्रो. (डॉ.) गीता जोशी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चरक संहिता के सूत्रस्थान के 30 अध्यायों के कुल 1,954 श्लोकों का निरंतर एवं अखंड पाठ रहा। यह आयोजन इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में रिकॉर्ड प्रयास के रूप में किया गया। श्लोकों के पाठ का आधिकारिक शुभारंभ प्रातः 9:56 बजे हुआ तथा इसका समापन सायं 4:50 बजे हुआ। इस रिकॉर्ड प्रयास में कुल 51 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रिकॉर्ड प्रयास की प्रमाणिकता एवं सत्यापन के उद्देश्य से संपूर्ण कार्यक्रम की पेशेवर कैमरों द्वारा लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग की गई तथा कार्यक्रम का विस्तृत फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण भी किया गया। संपूर्ण रिकॉर्डिंग एवं संबंधित दस्तावेज इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स को सत्यापन एवं मूल्यांकन के लिए प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से संस्थान को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान किया गया।

यह ऐतिहासिक पहल चरक जयंती के अवसर पर एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आई। इस आयोजन के माध्यम से आचार्य चरक के महान योगदान को नमन करने के साथ-साथ आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा, समृद्ध शास्त्रीय साहित्य एवं वैज्ञानिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं का सक्रिय सहयोग रहा। यह आयोजन मदरहुड आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, रुड़की के लिए एक गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक अवसर बन गया।
ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी रुड़की उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »