अंबेडकर संकल्प दिवस पर गूंजा समानता और सशक्तिकरण का संदेश
ओएनजीसी एससी/एसटी कर्मचारी कल्याण संघ के सेमिनार में बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प
नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026 । राजधानी दिल्ली के लक्ष्मीनगर-निर्माण विहार स्थित स्कोप मिनार के ऑडिटोरियम में 23 सितंबर को ओएनजीसी एससी/एसटी कर्मचारी कल्याण संघ, दिल्ली के तत्वावधान में “अंबेडकर संकल्प दिवस : समानता और सशक्तिकरण” विषय पर आयोजित सेमिनार में सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश जोरदार ढंग से उठाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष, विचारों और सामाजिक परिवर्तन के प्रति उनके संकल्प को याद करते हुए समाज को उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लाल सिंह आर्य, (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, बीजेपी), नितिन मेश्राम ( वरिष्ठ अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट) डॉ. अरविन्द कुमार, ( एसोसिएट फेलो, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन) और समाजसेवी ओ.पी. गौतम ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन केवल संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मसम्मान, समानता और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष की प्रेरणादायी यात्रा है। उनके विचारों ने भारतीय समाज में सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण वैचारिक आधार प्रदान किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके मूल्यों को सामाजिक जीवन में मजबूत करना आज भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
“समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ”
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के बुद्धिजीवियों और जागरूक लोगों को अपनी भूमिका केवल चर्चा तक सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि उन्हें समाज के जरूरतमंद और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से निरंतर संवाद भी जरूरी है। समाज के प्रबुद्ध लोगों को समय-समय पर संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात कर जनहित से जुड़े मुद्दों, समस्याओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से उनके सामने रखना चाहिए, ताकि आवश्यक विषयों पर उचित कार्रवाई हो सके।
बाबा साहेब के संकल्पों को आगे बढ़ाने का आह्वान
सेमिनार में सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के जीवन से जुड़े संघर्षों और उनके सामाजिक संकल्पों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा और ज्ञान को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया तथा समानता और सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
सभी एक स्वर में कहा कि आज समाज के सामने शिक्षा, जागरूकता, संगठन और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी को और व्यापक बनाने की आवश्यकता है। बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर समाज को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
अतिथियों का बुद्ध प्रतिमा भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ओएनजीसी एससी/एसटी कर्मचारी कल्याण संघ, दिल्ली की ओर से सभी अतिथियों एवं समाजसेवियों को तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
ओएनजीसी एससी/एसटी कर्मचारी कल्याण संघ, दिल्ली के अध्यक्ष दयानंद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, वक्ताओं, समाजसेवियों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक जागरूकता, समानता और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों को लेकर भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्याम सुंदर ने किया। इस अवसर पर ओएनजीसी के कर्मचारी एवं अधिकारी के महासचिव बालकरन सहित बड़ी संख्या में ओएनजीसी के कर्मचारी एवं अधिकारी तथा समाजसेवी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन समानता, शिक्षा, सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और सशक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
ईश्वर चंद संवाददाता रुड़की उत्तराखंड
