मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की के स्काउट्स एवं गाइड्स ने अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल जंबूरी ‘जोटा-जोटी 2026’ में उत्साहपूर्वक भाग लिया
रुड़की, 17 अक्टूबर 2026। मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की के स्काउट्स एवं गाइड्स ने 16 और 17 अक्टूबर 2026 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल जंबूरी ‘जोटा-जोटी 2026’ में बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विश्व के लगभग 216 देशों के स्काउट्स एवं गाइड्स ने सहभागिता की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम के मार्गदर्शन में आयोजित इस सहभागिता ने विद्यार्थियों को विभिन्न देशों के स्काउट्स एवं गाइड्स से संवाद करने तथा उनकी संस्कृति, परंपराओं और स्काउटिंग गतिविधियों को जानने का सुनहरा अवसर प्रदान किया।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में मॉन्टफोर्ट स्कूल के 15 स्काउट्स एवं गाइड्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यार्थियों को इटली, मलेशिया, चीन, इंडोनेशिया और बांग्लादेश के स्काउट्स से बातचीत करने का अवसर मिला। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों में स्काउटिंग की कार्यप्रणाली को समझा तथा अपने विचारों और अनुभवों को साझा किया। इस प्रकार, विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने ज्ञान का विस्तार करने और विभिन्न देशों के स्काउट्स के साथ मित्रता स्थापित करने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का सबसे रोचक क्षण तब आया, जब मलेशिया के स्काउट्स ने मॉन्टफोर्ट स्कूल के विद्यार्थियों से लोकप्रिय हिंदी गीत ‘कुछ कुछ होता है’ गाने का अनुरोध किया। विद्यार्थियों ने खुशी-खुशी इस अनुरोध को स्वीकार किया। इसके अतिरिक्त, मॉन्टफोर्ट के विद्यार्थियों ने उन्हें विभिन्न प्रकार की तालियाँ बजाने की रोचक शैलियाँ भी सिखाईं। इस सांस्कृतिक आदान-प्रदान ने कार्यक्रम को और अधिक आनंदमय एवं यादगार बना दिया।
दोनों ओर के स्काउट्स एवं गाइड्स ने एक-दूसरे से बातचीत करके प्रसन्नता व्यक्त की। इस पहल ने विद्यार्थियों में अंतरराष्ट्रीय मित्रता, आपसी सहयोग, सांस्कृतिक समझ और वैश्विक एकता की भावना को प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम ने भी इटली के स्काउट्स एवं गाइड्स से संवाद किया और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी तथा उत्साह की सराहना की। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक ऑनलाइन संवाद नहीं, बल्कि विभिन्न देशों के साथ मित्रता स्थापित करने, नई संस्कृतियों को जानने और ‘विश्व बंधुत्व’ की भावना को सुदृढ़ करने का एक यादगार अनुभव रहा।
इस कार्यक्रम में रोवर जयदीप ओझा ने विभिन्न देशों के स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ विद्यार्थियों का संवाद करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह बातचीत वरिष्ठ स्काउट मास्टर शशि सर, चेतन सर तथा गाइड कैप्टन सविता प्रसाद और किरण शाही की उपस्थिति में संपन्न हुई।
Ishwar Chandra reporter Sahara TV Roorkee Uttrakhand
