पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 रुड़की में
केन्द्रीय विद्यालय संगठन स्थापना दिवस एवं विद्यालय वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन
आज पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्र.1 रूड़की में केन्द्रीय विद्यालय संगठन का स्थापना दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह से मनाया गया | विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री सी. एस. बिष्ट. ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) का ध्येय वाक्य ‘तत् त्वं पूषन् अपावृणु’ है| अर्थात् ‘स्वर्ण कलश में सत्य ढका हुआ है हे पूषन! इसे अनावृत्त करिए ताकि सत्य और धर्म की दृष्टि प्राप्त हो सके| केन्द्रीय विद्यालय का कार्य ज्ञान पर छाए आवरण को हटा कर कल्याणकारी रूप का दर्शन कराना होता है | केन्द्रीय विद्यालय संगठन की स्थापना 15 दिसंबर सन 1963 में हुई थी जब से यह संस्थान अपने गौरवमय इतिहास के लिए जाना जाता है। साथ ही यह भी बड़े हर्ष का विषय है कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन को स्थापित हुए आज 61 वर्ष पूरे हो रहे हैं| आप सभी को केन्द्रीय विद्यालय स्थापना दिवस और वार्षिकोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ । यह परिवार आपका परिवार है । इन बच्चों की परवरिश, शिक्षा – दीक्षा और विकास के लिए आपका मार्गदर्शन कितना महत्त्वपूर्ण है इसको हम सभी अनुभव करते हैं । इसमें कोई संदेह नहीं कि जिन परिवारों में बच्चे अपने परिवारजनों एवं गुरुजनों की आज्ञा मानते हैं, उनमें नैतिक और चारित्रिक गुणों का विकास होता है । इन सद् गुणों के कारण ये बच्चे देश की प्रगति में महत्त्वपूर्ण भूमिका भी निभाते हैं|
इसकी शुरूआत केन्द्रीय कार्मिकों के बच्चों के लिए की गयी थी परन्तु इसकी सफलता और शिक्षा प्रणाली को दृष्टिगत रखते हुए सरकार द्वारा अन्य सेक्टरों में भी खोला गया। यह हम केविएनएस के लिए गर्व का विषय है कि आज केन्द्रीय विद्यालय संगठन देश में ही नहीं अपितु विदेशों में भी शिक्षा का प्रचार प्रसार कर रहा है। गुणवत्ता-परक शिक्षा होने के कारण आज समाज के ज्यादातर परिवार अपने बच्चों को केन्द्रीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कराना चाहते है।
इस अवसर पर विद्यालय में वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया | जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल स्निग्धा शर्मा उपस्थित रही | सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य श्री सी.एस.बिष्ट, उप प्राचार्य सुश्री संगीता खोराना , मुख्याध्यापिका नेहा चौबे, विद्यालय बैंड तथा अन्य शिक्षक साथियों द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया तत्पश्चात कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ | कर्नल स्निग्धा शर्मा ने “विद्या ददाति विनयम” श्लोक से छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्या और ज्ञान से हमेशा विनम्रता स्वयं ही आ जाती है | उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालयों से विद्यार्थी बहुत गौरवशाली पदों पर आसीन हैं इसका कारण केन्द्रीय विद्यालय की मजबूत नींव है | उनके अभिभाषण से विद्यार्थियों के अन्दर नई ऊर्जा का संचार हुआ | कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बहुत ही आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई जैसे कि सरस्वती वन्दना, छात्र द्वारा भाषण, रामस्तुति नृत्य, स्केटिंग नृत्य, भूले-बिसरे गीत पर नृत्य कर बच्चों ने मन मोह लिया | कर्नल डी.के. यादव जी ने छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं (आई.ए.एस,पी.सी.एस. सी.डी.एस आदि) की तैयारी के लिए मार्गदर्शन किया |
विभिन्न सदनों के सी.सी.ए. कार्यक्रमों मे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया |
विजेता छात्र-छात्राओं को कर्नल स्निग्धा शर्मा, प्राचार्य श्री सी.एस.बिष्ट, उप प्राचार्य सुश्री संगीता खोराना, मुख्याध्यापिका नेहा चौबे तथा श्रीमती अनीता बिष्ट के द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया I साथ ही सी.बी.एस.ई बोर्ड परीक्षा 2024 में बेहतरीन परिणाम देने के लिए विभिन्न शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्वर्ण और रजत प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया | अंत में उप-प्राचार्य सुश्री संगीता खोराना ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि कर्नल स्निग्धा शर्मा, कर्नल डी.के. यादव, प्रो. मुकुट लाल शर्मा, श्रीमती अनीता बिष्ट एवं सम्मानित अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया| इस कार्यक्रम का संचालन श्री ओमबीर सिंह (पी.जी.टी.अंग्रेजी), आयुष शेहरावत (कक्षा 11’ब’) व कशिश शर्मा (कक्षा 11’स’) द्वारा किया गया |
(सी.एस.बिष्ट.)
प्राचार्य
ईश्वर चंद संवाददाता सहारा टीवी